जोधपुर में अशोक गहलोत का भाजपा पर निशाना,कहा-हमारी सरकारों ने काम नहीं रोके,लेकिन BJP रोक देती है

Jodhpur Politics Rajasthan

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को जोधपुर में मरुधरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (MIA) की 42वीं कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि भाजपा सरकारें पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यों को जानबूझकर रोक देती हैं।

गहलोत ने कहा, “मैं तीन बार मुख्यमंत्री रहा, लेकिन वसुंधरा राजे या भैरोसिंह शेखावत की सरकारों के कामों को कभी नहीं रोका। लोकतंत्र में सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन जनता के काम नहीं रुकने चाहिए। भाजपा में तो ऐसा होता है कि भूल से भी अगर हमारा कोई काम रह गया हो, तो उसे भी बंद कर दिया जाता है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारों में बदले की भावना से काम होता है। “ये लोग पहले देखते हैं कि पड़ोस में कौन रहता है, अगर कोई कांग्रेसी है तो सबसे पहले उसका ट्रांसफर करवा देते हैं,” गहलोत ने कहा।

“राइजिंग राजस्थान सिर्फ आंकड़ों का खेल”

गहलोत ने भाजपा सरकार की ‘राइजिंग राजस्थान’ पहल पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकार ने 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन करने की बात कही, लेकिन ज़मीन पर उसकी कोई ठोस जानकारी नहीं है। “यह सिर्फ आंकड़ों का खेल बनकर रह गया है,” उन्होंने कहा।

मीडिया पर टिप्पणी करते हुए गहलोत ने कहा, “आज सोशल मीडिया असली मीडिया बन चुका है। टीवी चैनल सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं।”

जोधपुर के विकास पर दिया जोर

पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में जोधपुर के विकास कार्यों का ज़िक्र करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में मारवाड़ मेडिकल यूनिवर्सिटी, पुलिस यूनिवर्सिटी, डिजिटल फिनटेक यूनिवर्सिटी और दिव्यांग यूनिवर्सिटी जैसे संस्थान स्थापित किए गए। उन्होंने कहा, “पहली बार सांसद बनने के बाद से ही मेरा लक्ष्य जोधपुर का विकास रहा है।”

गहलोत के इस बयान को आगामी राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है, जहां कांग्रेस और भाजपा के बीच राजस्थान में फिर से राजनीतिक माहौल गर्म होता दिख रहा है।