जयपुर: जयपुर के सेंट्रल पार्क की पार्किंग से 50 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, मॉर्निंग वॉक के बाद अपनी मर्सिडीज कार में बैठ रहे सीए राजीव गुप्ता की कार में दो हथियारबंद बदमाश घुस गए और उन्हें आमेर की ओर ले गए।
राजीव गुप्ता ने अशोक नगर थाने में दर्ज शिकायत में बताया है कि एक बदमाश पिस्टल लेकर कार की पिछली सीट पर बैठ गया, जबकि दूसरे ने उन्हें ड्राइविंग सीट से हटाकर चाकू के बल पर कार अपने कब्जे में ले ली।
पुलिस के मुताबिक, बदमाश उन्हें दिल्ली रोड की तरफ ले जा रहे थे। रास्ते में गुप्ता ने चलती कार का गेट खोलकर पैर बाहर निकाल दिए और मदद के लिए शोर मचाया। इसी दौरान चालक का नियंत्रण कार से हट गया और कार आगे चल रही एक बाइक से टकराकर सड़क किनारे नाले में पलट गई।
हादसे के बाद दोनों बदमाश कार से निकलकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
चलती कार से मदद मांगने की कोशिश
राजीव गुप्ता के मुताबिक, वह रोजाना सुबह करीब 6:30 बजे सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए आते हैं और करीब 7:30 बजे गेट नंबर-4 से बाहर निकलते हैं।
गुरुवार सुबह जैसे ही उन्होंने कार का दरवाजा खोला, एक युवक पिस्टल लेकर पीछे की सीट पर बैठ गया। इसके बाद दूसरे युवक ने उन्हें ड्राइविंग सीट से हटाया और चाकू दिखाकर कार चलाने लगा।
गुप्ता ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपियों की उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच थी और पीछे बैठा आरोपी लगातार उन पर पिस्टल ताने हुए था। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
करीब 15 किलोमीटर दूर पीली की तलाई इलाके के पास गुप्ता ने चलती कार का गेट खोलकर मदद के लिए आवाज लगाई। इसी दौरान कार एक बाइक से टकराई और पलट गई।
पुलिस को रेकी का शक
पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने राजीव गुप्ता की गतिविधियों पर पहले से नजर रखी हो सकती है। गुप्ता ने पुलिस को बताया है कि वह रोजाना लगभग एक ही समय पर सेंट्रल पार्क आते हैं और तय समय पर वहां से निकलते हैं। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आरोपियों ने उनकी रेकी की थी या नहीं।
जिस गेट से अपहरण हुआ, वहां CCTV खराब होने का दावा
गुप्ता के मुताबिक, उन्हें सेंट्रल पार्क के गेट नंबर-4 से कार में बैठने के दौरान अगवा किया गया। इस इलाके में लगे CCTV कैमरों के लंबे समय से खराब होने का दावा किया गया है।
यह मामला इसलिए भी अहम है क्योंकि सेंट्रल पार्क के आसपास सचिवालय और हाईकोर्ट जैसी महत्वपूर्ण जगहें हैं और यहां कई बार वीवीआईपी भी आते हैं। CCTV और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं।
सेंट्रल पार्क के आसपास पहले भी वारदातें
सेंट्रल पार्क और इसके आसपास पहले भी आपराधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
करीब दो महीने पहले मॉर्निंग वॉक के लिए आई एक कारोबारी की बेटी से सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया था। पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया था।
वहीं, करीब एक साल पहले एक महिला को गला और मुंह दबाकर बेहोश करने के बाद उसके गहने लूटने की घटना भी सामने आई थी।
पुलिस अब सीए के अपहरण की कोशिश के मामले में आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े CCTV फुटेज की जांच कर रही है।

