खानपुरिया में VB-G RAM G पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजितयोजना की जानकारी के साथ प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी हुआ आयोजन

Kota Rajasthan

कोटा, 7 जुलाई 2026। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, कोटा द्वारा आज लाड़पुरा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कसार के ग्राम खानपुरिया में विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने ग्रामीणों को योजना के उद्देश्य एवं प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने, टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण तथा आधारभूत सुविधाओं का विकास कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत पात्र ग्रामीण परिवारों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के रोजगार का प्रावधान किया गया है तथा निर्धारित समय में कार्य उपलब्ध नहीं होने पर नियमानुसार बेरोजगारी भत्ता भी देय है।

उन्होंने योजना के अंतर्गत जल संरक्षण, तालाबों के निर्माण एवं पुनर्जीवन, वर्षा जल संचयन, ग्रामीण सड़क निर्माण, सिंचाई सुविधाओं के विकास, वृक्षारोपण तथा सामुदायिक परिसंपत्तियों के निर्माण जैसे कार्यों की जानकारी दी। साथ ही बायोमेट्रिक उपस्थिति, जियो-टैगिंग, ऑनलाइन निगरानी, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) एवं सामाजिक अंकेक्षण जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से योजना में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा उनके साथ प्रश्नोत्तर संवाद आयोजित किया गया। इसके उपरांत योजना पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर रोजगार सहायक हरिओम गौतम, पंचायत कनिष्ठ सहायक लक्ष्मी सरोन्जा, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, खानपुरिया के अध्यापक मदन मोहन सहित ग्राम के महिला एवं पुरुष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।