बेंगलुरु अग्निकांड:कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार समेत कई मंत्री मौके पर पहुंचे,पीड़ित परिवारों को मुआवज़े का ऐलान

Front-Page National

बेंगलुरु में हाल ही में हुए अग्निकांड में मदन सिंह राजपुरोहित के परिवार की दर्दनाक मौत के बाद रविवार को कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, गृहमंत्री जी. परमेश्वर और आवास एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री बी. ज़मीर अहमद खान ने घटनास्थल का दौरा किया। इस दौरान नेताओं ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

मंत्री बी. ज़मीर अहमद खान ने निजी स्तर पर दोनों प्रभावित परिवारों को पाँच-पाँच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। वहीं उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार भी यथासंभव मदद उपलब्ध कराएगी।

अधिकारियों ने इस घटना को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि भविष्य में आवासीय और वाणिज्यिक भवनों के निर्माण में कानूनी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

राजस्थान से ताल्लुक रखने वाले प्रवासी समुदाय ने कर्नाटक सरकार का इस कठिन समय में सहयोग और संवेदना के लिए आभार जताया है।