भाजपा ने ‘समरसता संकल्प अभियान’ का किया ऐलान,गुरु रविदास के संदेश को गांव-ढाणी तक पहुंचाने पर जोर

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 23 जुलाई 2026। भारतीय जनता पार्टी की ओर से संतश्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला जयपुर के जेएलएन मार्ग स्थित आरआईसी केंद्र के सभागार में आयोजित की गई। समरसता संकल्प अभियान की प्रदेश कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज का संपूर्ण जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के आदर्शों का प्रतीक रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी गुरु रविदास महाराज के संदेशों को निरंतर स्मरण करते हुए “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” तथा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना के साथ कार्य कर रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में महापुरुषों के सम्मान और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का अभूतपूर्व कार्य हुआ है। अहिल्याबाई होल्कर, भगवान बिरसा मुंडा और डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित अनेक महापुरुषों की जयंती और स्मृति को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। काशी में संत गुरु रविदास महाराज से जुड़े पवित्र स्थलों का विकास किया गया तथा उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों को संरक्षित करने का कार्य किया गया है। मध्यप्रदेश में उनके जीवन से संबंधित शोध केंद्र की स्थापना भी की गई है। भाजपा का प्रयास है कि संत-महात्माओं के विचार और जीवन दर्शन समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में करोड़ों गरीब परिवारों को आवास, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, शौचालय और हर घर जल जैसी योजनाओं से लाभान्वित करने, समाज के पिछड़े, दलित एवं वंचित वर्गों को सम्मान और सशक्तिकरण देने का जो कार्य हुआ है, वह अभूतपूर्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि संत गुरु रविदास महाराज के जीवन और विचारों को गांव-गांव, ढाणी-ढाणी तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। आज समाज को भ्रमित करने वाली ताकतें सक्रिय हैं, ऐसे समय में कार्यकर्ताओं को छात्रावासों, शिक्षण संस्थानों और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर गुरु रविदास महाराज के जीवन, विचार और समरसता के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करना होगा।

समरसता संकल्प अभियान को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारत अपनी महान संस्कृति, विरासत, संत परंपरा और ऋषि-मुनियों के आदर्शों का अनुसरण करने वाला राष्ट्र है। भारत माता के प्रति समर्पण भाव से संतों, मुनियों और महंतों ने समाज को नई दिशा प्रदान की है। संत गुरु रविदास महाराज के विचार सदियों तक समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे। संत रविदास ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से यह संदेश दिया कि व्यक्ति की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि उसके कर्म से होती है। निस्वार्थ भाव से किया गया कर्म ही व्यक्ति को सम्मान दिलाता है और समाज में उसकी वास्तविक पहचान स्थापित करता है। शर्मा ने कहा कि संत गुरु रविदास ने सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश देकर समाज को एक नई दिशा दी। उनका मानना था कि जन्म से कोई व्यक्ति छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि उसके कर्म ही उसे महान बनाते हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी सामाजिक समरसता स्थापित करने के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति के अलावा देश को कुछ नहीं दिया। भाजपा समाज को जोड़ने की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा समाज को विभाजित करने का प्रयास किया। देश की जनता विकास, सुशासन और गरीब कल्याण की राजनीति को स्वीकार कर रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार के कारण राजस्थान में विकास कार्यों को नई गति मिली है। प्रदेश में सड़क, पानी, बिजली, रोजगार और सिंचाई के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। ईआरसीपी, यमुना जल परियोजना, देवास परियोजना, माही बांध जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है। किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं तथा युवाओं को बड़ी संख्या में नियुक्तियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पेपर लीक माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 450 से अधिक आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार ने समरसता संकल्प अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक प्रदेशभर में संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समरसता, समानता और सामाजिक एकता के संदेश को गांव-गांव एवं ढाणी-ढाणी तक पहुंचाना है। अभियान के प्रथम चरण 29 जुलाई से शुरू होगा। गुरु पूर्णिमा की संध्या पर दीप महोत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद 29 जुलाई से 10 सितंबर तक “कलश वंदन अभियान” चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत गुरु रविदास महाराज की जन्म स्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां से पवित्र कलश प्रदेश की टोलियों को दिया जाएगा। प्रदेश टोली अपने प्रदेश में विभिन्न स्थलों पर होते हुए राजधानी में इसे लेकर जाएगी। इस दौरान प्रदेश के जिलों में विभिन्न धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके साथ ही 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान के माध्यम से संत-महात्माओं एवं समाज के पूजनीय व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा। 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा निकाली जाएगी तथा 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक छात्रावास संपर्क अभियान संचालित होगा, जिसमें छात्रावासों में जाकर युवाओं को गुरु रविदास महाराज के जीवन एवं सामाजिक समरसता के संदेश से जोड़ा जाएगा।

संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि समाज को जातिवाद, गोत्रवाद और क्षेत्रवाद जैसी संकीर्ण सोच से ऊपर उठाकर सामाजिक समरसता को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की जयंती वर्ष समारोह के सफल संचालन के लिए प्रदेश स्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति में भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी के नेतृत्व में निहालचंद मेघवाल, अनिता भदेल, चंद्रकांता मेघवाल एवं जगसीराम कोली को सदस्य बनाया गया है।

कार्यक्रम में मंच पर भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, भूपेंद्र सैनी, कैलाश मेघवाल, डॉ मिथिलेश गौतम, उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा उपस्थित रहे। कार्यशाला में प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, सह-प्रभारी, विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, तिरंगा यात्रा संयोजक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।