जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा है कि जो भी निष्ठा से संगठन की मजबूती के लिए कार्य करता है उसे सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा कि दलितों को जो सम्मान कांग्रेस में मिलता है वह अन्य राजनीतिक दलों में नहीं मिलता।
उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। कार्यकर्ताओं को पद मिलने से उनका मनोबल भी बढ़ता है। कांग्रेस पार्टी के कार्यकाल में दलित समाज के चार कैबिनेट मंत्रियों को जगह मिली जिन्होंने राजस्थान प्रदेश में विकास की गंगा बहाई।वर्तमान में राजस्थान विधानसभा से नेता प्रतिपक्ष का दायित्व एक दलित कार्यकर्ता को सौंपना आजादी से अब तक के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।
जूली प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय जयपुर में गुरुवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी, अनुसूचित जाति विभाग व नवनियुक्त राष्ट्रीय समन्वयकों के अनुसूचित जाति विभाग राजस्थान की ओर से अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उपस्थित जन को सम्बोधित करते हुए जूली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार दलित विरोधी सरकार है। इस सरकार में देश व प्रदेश में दलितों के शोषण का ग्राफ बढ़ा है।
इस मौके पर पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस एससी अध्यक्ष ममता भूपेश,राष्ट्रीय समन्वयक प्रशांत बैरवा,राजस्थान प्रभारी राजेश कुमार एवं डॉ.शंकर यादव , धर्मेंद्र जाटव , बाबूलाल सांखला उपस्थित रहे।

