जयपुर, 8 नवंबर। भाजपा द्वारा लगातार कांग्रेस के आजादी की लड़ाई में योगदान कम करने के प्रयास पर कड़ा हमला बोलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि शहीद भगत सिंह को लेकर BJP-RSS ने बहुत दुष्प्रचार किया है। अब BJP-RSS को इस सवाल का अवश्य जवाब देना चाहिए कि उन्होंने भगत सिंह के लिए क्या किया।
वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक पीयूष बबेले ने ट्वीट कर लिखा “कांग्रेस के एक अध्यक्ष महात्मा गांधी सरदार भगत सिंह की फांसी माफ कराने के लिए वायसराय से मिले। कांग्रेस के दूसरे अध्यक्ष पंडित नेहरू शहीद-ए-आजम से मिलने जेल गए। कांग्रेस के तीसरे अध्यक्ष सुभाष चंद्र बोस ने भगत सिंह के समर्थन में सभाएं की। काग्रेस के चौथे अध्यक्ष सरदार पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस अधिवेशन में भगत सिंह के समर्थन में प्रस्ताव पास हुआ। आर एस एस, भाजपा और हिंदू महासभा वाले बताएं सावरकर, हेडगेवार, गोलवलकर और मुखर्जी ने सरदार भगत सिंह के समर्थन में एक भी शब्द क्यों नहीं बोला?”।
गहलोत ने इस ट्वीट को रिट्वीट कर लिखा “BJP-RSS ने इस विषय पर बहुत दुष्प्रचार किया है। अब BJP-RSS को इस सवाल का अवश्य जवाब देना चाहिए।”
गौरतलब है कि कल पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रेस वार्ता कर वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने के कार्यक्रमों का भाजपा द्वारा राजनीतिकरण करने की कड़ी आलोचना की।

