भाजपा की दूसरी सूची जारी,गडकरी नागपुर,पीयूष गोयल मुंबई नॉर्थ से लड़ेंगे;हरियाणा के पूर्व CM करनाल से कैंडिडेट

Front-Page Loksabha Election National Politics

नई दिल्ली:-लोकसभा चुनाव के लिए बुधवार की शाम भाजपा की दूसरी लिस्ट जारी हुई। इसमें 72 नाम हैं। नागपुर से नितिन गडकरी, मुंबई नॉर्थ से पीयूष गोयल और हमीरपुर से अनुराग ठाकुर को टिकट दिया गया है। एक दिन पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने वाले मनोहर लाल खट्‌टर करनाल से चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा ने 2 मार्च को जारी पहली लिस्ट में 16 राज्य और दो UT से 195 कैंडिडेट्स के नाम जारी किए थे। पहली और दूसरी लिस्ट को मिलाकर पार्टी ने अब तक कुल 267 कैंडिडेट्स के नाम जारी कर दिए हैं।

मध्यप्रदेश: 5 सीटों पर भी ऐलान, छिंदवाड़ा से विवेक बंटी साहू
मध्यप्रदेश की बाकी बची 5 सीटों पर भी प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया गया है। इंदौर से शंकर लालवानी और उज्जैन से अनिल फिरोजिया को टिकट दिया गया है। छिंदवाड़ा से विवेक बंटी साहू, बालाघाट से भारती पारधी और धार से सावित्री ठाकुर को प्रत्याशी बनाया गया है। 2 मार्च को आई पहली लिस्ट में 24 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया था। इस तरह एमपी के सभी 29 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए गए हैं।

हरियाणा: पहली लिस्ट में 6 नाम, 4 पर घोषणा बाकी
राज्य में लोकसभा की कुल 10 सीटें हैं। भाजपा ने पहली लिस्ट में 6 उम्मीदवारों का ऐलान किया। इनमें पिछले 2 दिन में हरियाणा के CM पद और विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने वाले मनोहर लाल खट्‌टर को करनाल से टिकट दिया गया है। भाजपा ने करनाल से मौजूदा सांसद संजय भाटिया का टिकट काट दिया है।

हिमाचल: 2 नामों का ऐलान, 2 बाकी
हिमाचल की 4 लोकसभा सीटों में से 2 सीटों पर पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। हमीरपुर लोकसभा सीट से अनुराग ठाकुर को कैंडिडेट बनाया है। वह इस सीट से लगातार पांचवीं बार चुनाव लड़ेंगे। शिमला से पार्टी ने अपने मौजूदा सांसद सुरेश कश्यप को ही दोबारा मैदान में उतारा है। मंडी और कांगड़ा सीट पर प्रत्याशी अभी घोषित नहीं किए गए हैं।

दिल्ली की 7 सीटों पर 6 नए चेहरे
भाजपा ने दिल्ली की बची 2 सीटों पर नए चेहरों को मौका दिया है। पूर्वी दिल्ली से पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर की जगह हर्ष मल्होत्रा को और उत्तर पश्चिम दिल्ली से सिंगर हंस राज हंस की जगह योगेंद्र चंदोलिया को टिकट दिया गया है।

इससे पहले 2 मार्च को पहली लिस्ट में 5 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया था। इनमें से 4 नए चेहरे थे। सिर्फ भोजपुरी सिंह मनोज तिवारी की टिकट ही रिपीट की गई। 2019 और 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने दिल्ली की सभी 7 सीटें जीती थीं।

महाराष्ट्र की 48 में से 20 सीटों का ऐलान
भाजपा की दूसरी सूची में राज्य की 48 में से 20 सीटों पर कैंडिडेट्स का ऐलान किया गया है। पार्टी ने पहली सूची में महाराष्ट्र की एक भी सीट से उम्मीदवार घोषित नहीं किया था। आज जारी सूची में बीड सीट से प्रीतम मुंडे की जगह पंकजा मुंडे, नागपुर से नितिन गडकरी, रावेर से रक्षा खडसे, पुणे से मुरलीधर मोहोल को उम्मीदवार बनाया गया है। पीयूष गोयल मुंबई नॉर्थ से चुनाव लड़ेंगे।

उद्धव गुट से उपचुनाव जीती कलाबेन भाजपा उम्मीदवार
भाजपा ने दादर और नगर हवेली से कलाबेन डेलकर को टिकट दी है। वे पूर्व सांसद मोहन डेलकर की पत्नी हैं। पति के निधन से खाली हुई सीट पर उन्होंने शिवसेना उद्धव गुट की टिकट पर उपचुनाव जीता था। अब वे भाजपा की टिकट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी।

भाजपा की पहली लिस्ट- 195 नाम, इनमें 34 मंत्री
2 मार्च को जारी भाजपा की पहली लिस्ट में 16 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में 195 नाम जारी हुए थे। 34 केंद्रीय मंत्रियों को टिकट मिला। वहीं, सूची में 28 महिलाएं, 27 एससी, 18 एसटी, 57 ओबीसी नाम रहे। 50 साल से कम उम्र के 47 कैंडिडेट थे, जिन्हें पार्टी ने युवा कहा।

पहली लिस्ट में बताया गया कि नरेंद्र मोदी काशी और अमित शाह गांधीनगर से ही लड़ेंगे। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज को विदिशा से, त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब देब को त्रिपुरा पश्चिम और असम के पूर्व CM सर्बानंद सोनोवाल को डिब्रूगढ़ से टिकट मिला। (लोकसभा उम्मीदवारों की सूची जारी:राजस्थान से बीजेपी के उम्मीदवार घोषित पीएम मोदी लड़ेंगे वाराणसी से चुनाव;195 उम्मीदवारों की सूची जारी,34 केंद्रीय मंत्री,28 महिलाओं,47 युवा उम्मीदवार,50 वर्ष से कम आयु,लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी लड़ेंगे चुनाव,दो पूर्व सीएम भी लड़ेंगे लोकसभा चुनाव – Bharat 360 Degree News)