जयपुर के सेंट जेवियर्स स्कूल में बम की धमकी से हड़कंप,बच्चों को सुरक्षित निकाला गया

Breaking-News Jaipur Rajasthan

राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार सुबह सेंट जेवियर्स स्कूल में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्कूल प्रशासन को ईमेल के ज़रिए बम धमाके की धमकी मिली। जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तुरंत सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालते हुए स्कूल परिसर खाली करा दिया।

सूचना पर जयपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और स्कूल परिसर को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान अभिभावकों को भी बच्चों को घर ले जाने की अनुमति दी गई।

पुलिस ने बताया कि साइबर सेल ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। जांच की जा रही है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत है या इसके पीछे कोई गंभीर मंशा छिपी है।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल के बाहर पहुंच गए, जिससे वहां भीड़ लग गई। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सर्च ऑपरेशन जारी है।