जयपुर वैक्स म्यूज़ियम में ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह की वैक्स प्रतिमा का अनावरण,उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया लोकार्पण

Jaipur Rajasthan

जयपुर। नाहरगढ़ किले स्थित जयपुर वैक्स म्यूज़ियम में मंगलवार को एक भावनात्मक और ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब उप मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने अपने पिता, महावीर चक्र से सम्मानित ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह की वैक्स प्रतिमा का लोकार्पण किया।

यह आयोजन महाराजा सवाई भवानी सिंह जी की जन्म जयंती के अवसर पर हुआ। समारोह के दौरान उनकी वीरता और देशसेवा पर आधारित आठ मिनट की विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।

म्यूज़ियम के ‘रॉयल दरबार’ सेक्शन में स्थापित यह प्रतिमा ब्रिगेडियर भवानी सिंह के साहस और अनुशासन का प्रतीक मानी जा रही है। कलाकारों ने प्रतिमा को साकार करने से पहले महीनों तक उनके व्यक्तित्व और शौर्य पर गहन अध्ययन किया था।

लोकार्पण के अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा, “यह क्षण मेरे लिए अत्यंत गर्व का है। मेरे पिता केवल हमारे परिवार के ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र के गौरव थे। उनकी प्रतिमा जयपुर आने वाले हर आगंतुक को राष्ट्रसेवा और साहस का संदेश देगी।”

जयपुर वैक्स म्यूज़ियम के फाउंडर डायरेक्टर अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतिमा का उद्देश्य केवल कला प्रदर्शन नहीं, बल्कि राजस्थान और भारत के गौरवशाली इतिहास को जीवंत रूप में प्रस्तुत करना है।

म्यूज़ियम में पहले से ही महाराणा प्रताप, सवाई जय सिंह द्वितीय, सवाई माधो सिंह द्वितीय और महारानी गायत्री देवी जैसी ऐतिहासिक विभूतियों की प्रतिमाएं प्रदर्शित हैं। अब ब्रिगेडियर भवानी सिंह जी की प्रतिमा के जुड़ने से संग्रह और भी समृद्ध हो गया है।

कार्यक्रम में सेना के पूर्व अधिकारी, म्यूज़ियम टीम के सदस्य और शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।