जयपुर में जन्माष्टमी की धूम,गोविंद देवजी और राधा दामोदर मंदिरों में विशेष आयोजन

Front-Page National

देशभर के साथ जयपुर में भी शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता मंदिरों में लगा हुआ है।

सबसे ज्यादा भीड़ आराध्य गोविंद देवजी मंदिर में देखने को मिली, जहां सुबह 4:30 बजे मंगला झांकी के साथ दर्शन शुरू हुए। इस मौके पर ठाकुर जी का विशेष श्रृंगार किया गया और उन्हें पीत वस्त्र धारण कराए गए। मंदिर प्रशासन ने दर्शनार्थियों के लिए चार अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की है। सुरक्षा के लिए एक हज़ार से ज्यादा पुलिसकर्मी और स्वयंसेवक तैनात हैं।

शहर के अन्य प्रमुख मंदिरों—गोपीनाथ जी, राधा दामोदर जी, ब्रजनिधि और आनंद कृष्ण बिहारी मंदिर—में भी विशेष कार्यक्रम हो रहे हैं। श्रीकृष्ण बलराम मंदिर में कर्नाटक से मंगाए गए फूलों से अलंकरण किया गया, जबकि गुप्त वृंदावन धाम को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। यहां अर्धरात्रि को महाआरती और महाभिषेक होगा।

चौड़ा रास्ता स्थित श्री राधा दामोदर मंदिर में जन्माष्टमी परंपरा के अनुसार दिन में मनाई जाती है। यहां ठाकुर जी को बाल स्वरूप में सजाया गया और पंचामृत अभिषेक के साथ जन्मोत्सव मनाया गया। मंदिर में झांकी, छप्पन भोग और आतिशबाजी का भी आयोजन हुआ। शाम को नंदोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें भजन-कीर्तन और विशेष झांकियां सजेंगी।

जयपुर के गुप्त वृंदावन धाम और अन्य मंदिरों में भी रात भर कार्यक्रम चलेंगे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतज़ाम किए हैं।