जयपुर, 31 अक्टूबर —
भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी की अगुवाई में भव्य ‘एकता मार्च’ और ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन हुआ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गांधी सर्किल से अमर जवान ज्योति तक आमजन के साथ पैदल मार्च किया और सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने रियासतों का विलय कर एक सशक्त राष्ट्र की नींव रखी और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर सरदार पटेल के अधूरे सपने को पूरा किया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार युवाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है — अब तक 91 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और 1.5 लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने भी ‘रन फॉर यूनिटी’ में भाग लेकर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि “सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस और दूरदर्शी नेतृत्व से विभाजित रियासतों को जोड़कर अखंड भारत का निर्माण किया। रन फॉर यूनिटी केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का प्रतीक है।”
कार्यक्रम में खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, सांसद घनश्याम तिवाड़ी, मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ, गोपाल शर्मा, बालमुकुंद आचार्य, महापौर सौम्या गुर्जर, पुलिस, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट गाइड, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पूरा वातावरण देशभक्ति और एकता के नारों से गुंजायमान रहा, जबकि मुख्यमंत्री ने अंत में आत्मनिर्भर भारत की शपथ दिलाकर कार्यक्रम का समापन किया।

