डिजीफेस्ट से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की आईटी निवेशकों से मुलाकात,राजस्थान को डिजिटल हब बनाने पर जोर

Jaipur Rajasthan

राजस्थान में प्रस्तावित डिजीफेस्ट को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उत्साह जताया है। डिजीफेस्ट से पहले मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर आईटी निवेशकों और विभिन्न बहुराष्ट्रीय कंपनियों के सीईओ से मुलाकात की और प्रदेश में आईटी सेक्टर की संभावनाओं पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का विजन है कि प्रदेश का युवा डिजिटल रूप से सशक्त बने और आईटी क्षेत्र के विस्तार से रोजगार के नए अवसर खुलें। उन्होंने कहा कि राजस्थान में आईटी और नवाचार की असीम संभावनाएं हैं और राज्य सरकार इस क्षेत्र के विकास के लिए निवेशकों और उद्योग जगत के साथ मिलकर काम करने को पूरी तरह तैयार है।

भजनलाल शर्मा ने कहा कि डिजीफेस्ट के जरिए प्रदेश में एक मजबूत डिजिटल माहौल बनेगा और स्टार्टअप्स को अपनी क्षमताएं दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा। इस आयोजन में कई राज्यों के प्रतिनिधि, निवेशक और उद्योग जगत से जुड़े लोग हिस्सा लेंगे।

डिजीफेस्ट के दौरान स्टार्टअप्स, विद्यार्थी, पॉलिसी मेकर्स, टेक लीडर्स, इन्वेस्टर्स और आईटी स्टूडेंट्स की भागीदारी रहेगी। डीजी फेस्टिवल टाई ग्लोबल समिट का आयोजन 4 से 6 जनवरी 2026 तक किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित होंगे। सरकार को उम्मीद है कि यह आयोजन राजस्थान को आईटी और डिजिटल इनोवेशन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।