जयपुर, 31 अगस्त। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में 1 सितंबर (सोमवार) से प्रारंभ हो रहे विधानसभा सत्र को सुचारु रूप से संचालित करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं लोकहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य की डबल इंजन सरकार राजस्थान के चहुमुखी विकास के लिए दिन-रात समर्पित भाव से कार्य कर रही है। प्रदेश की जनता ने जिन आकांक्षाओं और विश्वास के साथ हमारी सरकार चुनी है, हम उन पर पूरी तरह खरे उतर रहे हैं।
शर्मा ने कहा कि विधानसभा सत्र में सभी मंत्रीगण अपने विभाग से संबंधित प्रश्नों के जवाब की पूरी तैयारी करके आएं तथा राज्य सरकार द्वारा किए गए जनहित के कार्यों और लोककल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से राज्य सरकार का पक्ष रखें। उन्होंने विधायकों से भी अपील की कि वे विधानसभा सत्र के दौरान पूरे समय सदन में उपस्थित रहें तथा एकजुटता के साथ विपक्ष द्वारा उठाए मुद्दों पर सरकार का सहयोग करें। साथ ही, सभी विधायकगण जनहित से जुड़े विषयों को भी विधानसभा में प्राथमिकता से उठाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य सदन की कार्यवाही में बाधा डालना है, जबकि भारतीय जनता पार्टी का मानना है कि सदन जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने का माध्यम होना चाहिए। इसलिए भाजपा की प्राथमिकता होगी कि सदन जनता के काम के लिए सुचारु रूप से चले। साथ ही, कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे झूठे और भ्रामक प्रचार का मजबूती से प्रतिकार किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सत्र में राज्य सरकार कई नए विधेयक लेकर आ रही है। सभी विधायक 100 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए जनहित से जुड़े इन सभी विधेयकों को निर्बाध रूप से पारित करवाने में सहयोग करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्ववर्ती सरकार के पांच साल की तुलना में हमारे डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में उनसे अधिक विकास कार्य करवाए हैं। इस संबंध में हमारे विधायकों को सदन में और सदन के बाहर मीडिया के द्वारा प्रमुखता से इनका प्रचार-प्रसार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत और निकाय चुनाव के दृष्टिगत सदन में हमारी भूमिका इस तरह सकारात्मक होनी चाहिए कि हम जनता का विश्वास जीत लें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी दिनों में राज्य सरकार द्वारा सेवा पखवाड़ा, गांव चलो अभियान, शहर चलो अभियान, सहकारिता आंदोलन, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स जैसे कई महत्वपूर्ण अभियान और कार्यक्रम संचालित करने जा रही है। सभी विधायकों की इनमें बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग सहित राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्य एवं विधायकगण उपस्थित रहे।

