CJP ने राजनीतिक पार्टी बनने से किया इनकार,अभिजीत दीपके बोले- ‘देश को अभी जनदबाव की जरूरत’

Front-Page National

नई दिल्ली/छत्रपति संभाजीनगर: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि उनकी संस्था फिलहाल राजनीतिक पार्टी नहीं बनेगी, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में जवाबदेही और निष्पक्षता की मांग को लेकर एक “प्रेशर ग्रुप” के रूप में काम करेगी।

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में शुरू हुई CJP की दो दिवसीय रणनीतिक बैठक से पहले दीपके ने कहा कि देश में लोगों का भरोसा राजनीतिक व्यवस्था, न्यायपालिका, मीडिया और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं से कम हुआ है। उनके मुताबिक, इस स्थिति में किसी नई राजनीतिक पार्टी की बजाय व्यापक जनदबाव और जनआंदोलन की जरूरत है।

दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन को केवल शिक्षा के मुद्दे पर नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में जवाबदेही की मांग को लेकर भी लोगों का समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि बैठक में संगठन के राष्ट्रीय विस्तार, शिक्षा व्यवस्था, E20 पेट्रोल और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि CJP झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ खड़ी है। आवश्यकता पड़ने पर संगठन के प्रतिनिधि वहां जाएंगे और आंदोलन को समर्थन देंगे।

इस बीच CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने को लेकर सरकार से बातचीत चल रही है। उन्होंने घायल छात्रों को कानूनी और चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही। सौरव दास ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मीडिया संस्थानों और यूट्यूब चैनलों ने उनके घर में घुसकर वीडियो बनाए, जिसे उन्होंने निजता का उल्लंघन बताया।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP ने 20 जून से 25 जुलाई तक 36 दिनों तक धरना दिया था। 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के बाद यह आंदोलन राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया था। अब संगठन का कहना है कि वह अपनी रणनीति को देशभर में विस्तार देने की दिशा में आगे बढ़ेगा।