जयपुर, 2 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को जयपुर, दौसा एवं सवाईमाधोपुर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया और पंचायत चुनावों में संगठन को मजबूत करने और पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में पूरी शक्ति और समर्पण के साथ जुटें और लक्ष्य सीमित रखने की बजाय 100 प्रतिशत सफलता के लिए कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश आज तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व भारत की ओर आशा के साथ देख रहा है। ऐसे समय में भाजपा के पास यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप में ऐसा नेतृत्व है, जो राष्ट्र के विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रहा है। भाजपा कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि यह संकल्प गांव-गांव तक पहुंचे, क्योंकि कार्यकर्ता केवल संगठन का हिस्सा नहीं, बल्कि विकसित भारत और विकसित राजस्थान को साकार करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद गांव और गरीब की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया। कांग्रेस की राजनीति केवल चुनावी वादों और तुष्टीकरण तक सीमित रही। जबकि भाजपा सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस के भ्रम और नकारात्मक राजनीति का जवाब सरकार के सुशासन और विकास कार्यों के माध्यम से दें।
मुख्यमंत्री कहा कि संगठन की सफलता केवल चुनाव लड़ने से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से सुनिश्चित होती है। कार्यकर्ता के परिश्रम का ही परिणाम है कि पार्टी के विधायक, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधि निर्वाचित होकर जनसेवा का अवसर प्राप्त करते हैं। इसलिए जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनकी भावनाओं का ध्यान रखें। क्योंकि कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक ताकत है और वर्षों तक पार्टी के लिए मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेन्द्र सैनी सहित अन्य पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

