CM सुक्खू ने शिवरात्रि महोत्सव का किया शुभारंभ:मंडी DC ऑफिस से पड्‌डल ग्राउंड तक निकली शाही जलेब, शाही कल्चर छोड़ लोगों से मिले मुख्यमंत्री

National

मंडी:-हिमाचल CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी में मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले का शुभारंभ किया। वह मंडी की पहली शाही जलेब में भी उपस्थित रहे। सीएम ने शाही जलेब में मंडी की पारंपरिक पगड़ी पहनकर शिरकत की। इस दौरान सीएम सुक्खू ने कुछ देर VIP कल्चर से दूर रहकर लोगों से मुलाकात की। आज से अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेला आगामी सात दिनों तक चलेगा।

मेले का समापन हिमाचल के राज्यपाल करेंगे।

मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार मंडी पहुंचे सुक्खू
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह आज दोपहर मंडी के कांगनी हेलीपोर्ट पर पहुंचे थे जिसके बाद यह महोत्सव शुरू हुआ। मुख्यमंत्री बनने के बाद मंडी पहुंचे सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूरे मंडी वासियों के साथ-साथ हिमाचल और पूरे देशवासियों को शिवरात्रि के महापर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मंडी का यह प्राचीन मेला हिमाचल की संस्कृति का जीता उदाहरण है।

कांग्रेस की यह नई सरकार व्यवस्था परिवर्तन के लिए कार्य कर रही है। मंडी का यह ऐतिहासिक शिवरात्रि मेला सांस्कृतिक महीनों से ही नहीं बल्कि व्यापार की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। देश भर से कारोबारी यहां व्यापार करने आते हैं।

सीएम का पूर्व बीजेपी सरकार पर हमला
हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा सरकार पर भी CM सुक्खू ने बड़ा हमला बोला है। जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व की बीजेपी और जयराम सरकार ने कुछ ऐसे सपने देखे थे, जो आज तक पूरे नहीं हुए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि बीजेपी की पूर्व सरकार ने जनता को सपने तो बहुत दिखाए, लेकिन उन्हें पूरा नहीं कर पाए।

अब हमारी कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस सरकार ने जो वादे जनता से किए हैं, उन्हें पूर्ण करना शुरू कर दिया है। जल्द ही सारे वादे पूरे किए जाएंगे।

216 देवी-देवता भी पहुंचे मंडी
प्रशासन द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर के मेले के लिए बुलाए गए सभी 216 देवी-देवता मंडी पहुंच चुके हैं। आज राजा माधवराव के सानिध्य में एक शाही जलेब मंडी के DC ऑफिस से पड्डल ग्राउंड तक निकाली गई। जिसमें पुलिस की टुकड़ियों ने भी भाग लिया। कई स्कूल के बच्चे और स्वयंसेवी अपने अनुयायियों के साथ इस शाही जलेब में शामिल हुए।

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में होती हैं 3 शाही जलेब
गौरतलब है कि मंडी में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में 3 शाही जलेब होती हैं, जिसकी अगवाई मंडी के राजा माधवराव करते हैं। इस शाही जलेब में मंडी राज परिवार के कुछ चुनिंदा देवी-देवताओं ने भी भाग लिया। मुख्यअतिथि के रूप में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह भी अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि के इस आयोजन पर मौजूद रहीं।

आज से नाइट प्रोग्राम भी होंगे शुरू
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि में आयोजित होने वाली कल्चरल नाइट भी आज से शुरू हो जाएंगी। इसके मुख्यअतिथि भी सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ही होंगे। जिसके बाद यह 6 दिवसीय नाइट प्रोग्राम हर शाम चलते रहेंगे। इस बार कांग्रेस सरकार के आने से व्यवस्था परिवर्तन के नारे को जोर मिला है। जिसके तहत इस बार अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में हिमाचली कलाकारों को भी प्राथमिकता दी गई है।

आज से आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में साबरी ब्रदर्स की विशेष प्रस्तुति देखने को मिलेगी। यह कार्यक्रम भी सेरी मंच पर आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *