पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के 12 दिन बाद देश में सुरक्षा को लेकर हलचल तेज हो गई है। रविवार को वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, दोनों के बीच इस हमले और मौजूदा सुरक्षा हालात को लेकर चर्चा हुई।
उधर, पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने दो संदिग्ध पाकिस्तानी जासूसों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि ये दोनों सैन्य छावनियों और एयरफोर्स बेस की गोपनीय जानकारियां और तस्वीरें पाकिस्तान भेज रहे थे। जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों का संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से है।
इस बीच, रूस में पाकिस्तान के राजदूत मोहम्मद खालिद जमाली ने भारत को परमाणु हमले की धमकी दी है। रूसी मीडिया को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “अगर भारत हम पर हमला करता है तो पाकिस्तान पूरी ताकत से जवाब देगा, चाहे वो परमाणु हमला ही क्यों न हो।”
इसके साथ ही पाकिस्तान की ओर से एलओसी पर सीजफायर उल्लंघन का सिलसिला भी जारी है। रविवार को यह लगातार 10वां दिन रहा जब पाकिस्तानी सेना ने गोलीबारी की। बारामुल्ला, कुपवाड़ा, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर जैसे सीमावर्ती इलाकों में फायरिंग की गई। इससे पहले शनिवार को भी कुपवाड़ा, उरी और अखनूर में सीजफायर का उल्लंघन हुआ था।
भारत ने इस घटनाक्रम पर कड़ी नजर बनाए रखी है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।

