डग/झालावाड़: राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा है कि कांग्रेस को ‘राम’ शब्द से ही परेशानी है, जबकि उनके लिए ‘राम’ जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मनरेगा योजना में सुधार कर इसका नाम ‘जी राम जी’ किया गया, जिसका कांग्रेस विरोध कर रही है।
वसुंधरा राजे राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर दुधालिया गांव में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि भैरों सिंह शेखावत ने अंत्योदय की सोच को आगे बढ़ाया, जिसे उन्होंने अपने कार्यकाल में गति दी और वर्तमान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उसी विचार को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश को विकास के पथ पर ले जा रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल में पंचायत राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। भामाशाह योजना के तहत महिलाओं को परिवार का मुखिया बनाया गया। 12 वर्ष या उससे कम उम्र की बच्चियों के साथ दुष्कर्म पर फांसी की सजा का प्रावधान किया गया। इसके साथ ही बच्चियों के लिए साइकिल, स्कूटी और सैनिटरी नैपकिन जैसी योजनाएं शुरू की गईं, जिन्हें वर्तमान सरकार ने आगे बढ़ाया है।
इस दौरान वसुंधरा राजे ने मुख्यमंत्री से छोटी काली सिंध और चाचुरनी नदी पर मध्यम सिंचाई परियोजना शुरू करने, डग पशु अनुसंधान केंद्र को पशु चिकित्सा महाविद्यालय में क्रमोन्नत करने और मुकुंदरा हिल्स में बाघों को शिफ्ट करने की मांग भी रखी।

