पंचायत परिसीमन पर कांग्रेस पर पलटवार,भर्ती घोटालों का जिक्र कर डोटासरा को घेरा:मदन दिलावर

Jaipur Politics Rajasthan

जयपुर में स्कूल शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पंचायत चुनाव और परिसीमन को लेकर कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर तीखा जवाब दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक लाभ के लिए ग्राम पंचायत और जिला परिषद क्षेत्रों का अनुचित परिसीमन किया।

मदन दिलावर ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान जहां उसे अधिक वोट मिलने की संभावना थी, वहां छोटे वार्ड बनाए गए, जबकि भाजपा समर्थक क्षेत्रों में बड़े-बड़े वार्ड गठित किए गए। उन्होंने इसे कांग्रेस की कथित धांधली करार दिया और कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता से काम कर रही है।

शिक्षा मंत्री ने कांग्रेस शासनकाल की भर्तियों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2018 की भर्तियों में ओएमआर शीट से जुड़ी गंभीर गड़बड़ियां हुईं, जिनकी जांच अब एसओजी कर रही है। दिलावर के मुताबिक, जांच एजेंसी लगातार मामलों को उजागर कर रही है और दोषियों को पकड़ा जा रहा है।

उन्होंने डोटासरा को चेतावनी देते हुए कहा कि पंचायत चुनाव की चिंता करने के बजाय कांग्रेस नेताओं को भर्ती घोटालों के मामलों का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। मंत्री ने दावा किया कि जिस तरह जलदाय विभाग से जुड़े घोटालों में कांग्रेस के नेता जेल गए, उसी तरह भर्ती घोटालों के दोषी भी कानून से नहीं बच पाएंगे।