जयपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन,शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग;पुलिस कार्रवाई पर भी उठाए सवाल

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 22 जुलाई। राजस्थान कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के नेतृत्व में आज केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे, केन्द्र सरकार द्वारा आयोजित परीक्षाओं में अनियमितता तथा व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में तत्काल चर्चा कर दोषियों के विरूद्ध जिम्मेदारी तय करने, नेता विपक्ष राहुल गॉंधी, सांसद प्रियंका गॉंधी व विपक्षी सांसदों पर तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाने के विरूद्ध, संबंधित प्रदर्शनों के दौरान छात्रों और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर तथा आपराधिक मुकद्में वापस लेने एवं प्रधानमंत्री द्वारा देश के छात्रों व आन्दोलनकारियों पर दमनात्मक कार्यवाही करने पर माफी मांगने की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, जयपुर से भाजपा कार्यालय का घेराव करने के लिये पैदल मार्च निकालकर कांग्रेस पार्टी द्वारा विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी सहित सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुये।

प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता सायं 5 बजे कांग्रेस मुख्यालय से शांतिपूर्वक पैदल मार्च निकालकर भाजपा मुख्यालय का घेराव करने के लिये निकले, शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा रास्ते में बैरीकेट लगाकर रोका गया तथा विरोध करने पर पुलिस द्वारा शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार छोड़ी गई व बल प्रयोग किया गया जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता चोटिल हो गये जिन्हें तत्काल उपचार के लिये चिकित्सालय ले जाया गया। 

इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि देश में नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के पेपर लगातार लीक हो रहे हैं और अब तक 150 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं, किन्तु भाजपा की केन्द्र सरकार की हठधर्मिता के कारण इसके लिये जिम्मेदारी केन्द्रीय शिक्षा मंत्री व अन्य अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं कर उन्हें बचाने का कार्य किया जा रहा है। छात्र एवं उनके अभिभावकों सहित नेता विपक्ष राहुल गॉंधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े लगातार पेपर लीक के लिये जिम्मेदार केन्द्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांग रहे हैं और इस मुद्दे पर संसद में चर्चा करने की मांग की जा रही है, किन्तु केन्द्र सरकार अलोकतांत्रिक रवैया अपनाते हुये छात्रों एवं कांग्रेस नेतृत्व के विरूद्ध दमनात्मक कार्यवाही कर तानाशाहीपूर्ण रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे सहित अन्य मांगों के लिये कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता आमजनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करते रहेंगे। 

राजस्थान प्रदेश कांग्र्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर तथा छात्रों, नेता विपक्ष राहुल गॉंधी व अन्य विपक्षी सांसदों के साथ दिल्ली पुलिस द्वारा किये गये दुव्र्यवहार व दमनात्मक कार्यवाही की निन्दा करते हुये प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार प्रदेश की सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों द्वारा आज धरने-प्रदर्शन आयोजित किये गये तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन किया गया।