जम्मू-कश्मीर:उधमपुर में सीआरपीएफ की गाड़ी खाई में गिरी,3 जवानों की मौत,15 घायल

Front-Page National

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर ज़िले के बसंतगढ़ इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। सीआरपीएफ जवानों को ले जा रही एक बंकर गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में अब तक 3 जवानों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सीआरपीएफ अधिकारियों ने जानकारी दी कि दुर्घटना सुबह करीब 10:30 बजे हुई, जब जवानों का एक दल इलाके में गश्त पर था। बताया जा रहा है कि पहाड़ी रास्ते पर गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर खड़ी ढलान से नीचे जा गिरी।

प्रशासन के मुताबिक, मृतकों के शव घटनास्थल से बरामद कर लिए गए हैं और गंभीर रूप से घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।