दिल्ली को मिली नई मुख्यमंत्री,रेखा गुप्ता ने संभाली कमान

Front-Page National

दिल्ली में रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शालीमार बाग से पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता (50 साल) गुरुवार को रामलीला मैदान में आयोजित समारोह में दिल्ली की नौवीं और चौथी महिला मुख्यमंत्री बनीं।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा भाजपा शासित 21 राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। हालांकि, आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल और पूर्व मंत्री आतिशी इस समारोह में शामिल नहीं हुए।

छह मंत्रियों ने भी ली शपथ

मुख्यमंत्री के अलावा छह अन्य मंत्रियों ने भी अपने पद की शपथ ली। इनमें प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं। प्रवेश वर्मा हाल ही में अरविंद केजरीवाल को हराकर विधायक बने थे

रेखा गुप्ता का पहला बयान

शपथ से पहले रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा, “यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करती हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि दिल्ली की मुख्यमंत्री बनूंगी। मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी।”

दरअसल, भाजपा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास को ‘शीशमहल’ करार दिया था। पार्टी का आरोप था कि अरविंद केजरीवाल ने नियमों की अनदेखी कर करोड़ों रुपये खर्च कर इसे बनवाया और इसे चुनावी मुद्दा भी बनाया गया।