जयपुर के जवाहर कला केंद्र में लघु उद्योग भारती की महिला इकाई द्वारा आयोजित “स्वयंसिद्धा” हस्तशिल्प प्रदर्शनी 2025 का उद्घाटन मंगलवार को उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्रदेशभर से आए शिल्पकारों, कुटीर उद्योगों व महिला उद्यमियों के स्वदेशी उत्पादों और कलाकृतियों की सराहना की। उन्होंने हस्तशिल्पकारों से संवाद किया और डिजिटल माध्यम (यूपीआई) से खरीदारी कर ‘डिजिटल इंडिया’ को प्रोत्साहित भी किया।
दिया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और लोकल हुनर को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इसे ‘स्वदेशी से समृद्धि’ की दिशा में एक सशक्त कदम बताया।
उपमुख्यमंत्री ने राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद द्वारा आयोजित सुमंगल दीपावली मेले का भी निरीक्षण किया और दुकानदारों से बातचीत करते हुए स्थायी जगह देने की संभावनाओं पर आश्वासन दिया।

