जयपुर:उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मुरलीपुरा जोन में शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण,बोलीं- जनता को मिल रहा सीधा लाभ

Jaipur Rajasthan

जयपुर में सोमवार को उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मुरलीपुरा जोन कार्यालय में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों से शिविर की कार्यप्रणाली एवं जनता को मिल रही सेवाओं के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने शिविर में आए नागरिकों से भी संवाद किया और उनकी समस्याओं तथा मिल रही सुविधाओं के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविर आमजन को सीधे लाभ पहुंचाने का माध्यम बन गए हैं। कई लोग जो वर्षों से परेशान थे, उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है।

शिविर में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था और विधवा पेंशन, निशुल्क बिजली-पानी योजना, पट्टों का वितरण, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, खाद्य सुरक्षा और स्वनिधि योजना जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।

दिया कुमारी ने इस अवसर पर नागरिकों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और विदेशी उत्पादों से दूरी बनाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

कार्यक्रम में मुरलीपुरा जोन डीसी पवन शर्मा, चेयरमैन रश्मि सैनी, पार्षद दीपमाला शर्मा, मीनाक्षी शर्मा, सुरेश जांगिड़ और सुरेश सैनी सहित अधिकारी व पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।