उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सिविल लाइंस आवास पर सुनी जनसमस्याएं,अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश

Jaipur Rajasthan

जयपुर:-उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आज सिविल लाइंस स्थित आवास पर जनसुनवाई की, जिसमें बड़ी संख्या में आमजन अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इस दौरान दूर-दराज क्षेत्रों से आए लोगों ने सड़क, पेयजल, अतिक्रमण, बिजली सहित विभिन्न स्थानीय मुद्दों को उपमुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार से रखा।

जनसुनवाई के दौरान उपमुख्यमंत्री ने प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता और ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समस्याओं के निस्तारण में पारदर्शिता व तत्परता बनी रहनी चाहिए। जनसुनवाई के जरिए आम लोगों को सीधे अपनी बात रखने का अवसर मिला, जिससे प्रशासन और जनता के बीच संवाद मजबूत होता नजर आया।