ब्यावर में मातृशक्ति सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने महिलाओं से किया आत्मनिर्भरता का आह्वान

Rajasthan Rajasthan-Others

ब्यावर, राजस्थान।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रविवार को ब्यावर स्थित मोतीमहल गार्डन में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में भाग लिया। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा महिला प्रकोष्ठ, राजस्थान द्वारा आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में पहुंचने पर उपमुख्यमंत्री का साफा, शाल और माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।

सम्मेलन में संबोधित करते हुए दिया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से महिलाओं को सीधा लाभ मिल रहा है, जिससे समाज में महिला सशक्तिकरण की दिशा में ठोस बदलाव आ रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री ने उपस्थित महिलाओं से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं से अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ें। उन्होंने कहा, “हम सब यह संकल्प लें कि हर महिला कम से कम 50 अन्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ेगी, ताकि हर घर तक इनका लाभ पहुंचे।”

उन्होंने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि विदेशी वस्तुओं का त्याग और स्थानीय उत्पादों को अपनाना ही आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम है।

इस अवसर पर ब्यावर विधायक शंकर रावत, विधायक अनीता भदेल, विश्वकर्मा कौशल बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम पंवार, अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष अमराराम, महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष सविता शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रेणु जांगिड़ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।