दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की समीक्षा बैठक में शामिल हुईं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी,केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का किया स्वागत

Rajasthan Rajasthan-Others

अलवर।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बुधवार को अलवर जिले के पिनान स्थित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के साथ आयोजित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की समीक्षा बैठक में भाग लिया।

बैठक के दौरान एक्सप्रेसवे को और अधिक सुरक्षित, आधुनिक तथा यात्री सुविधाओं से सुसज्जित बनाने के लिए चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति, सुरक्षा उपायों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश में विश्वस्तरीय सड़क अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे जैसे आधुनिक संपर्क मार्ग राजस्थान सहित पूरे देश में विकास, निवेश, पर्यटन और सुगम आवागमन को नई गति प्रदान कर रहे हैं तथा आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दे रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि सरकार आमजन को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे वाहनों की गति सीमा पर नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी ओर से सभी आवश्यक प्रयास कर रही है, लेकिन सड़क सुरक्षा में वाहन चालकों की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं और सावधानीपूर्वक ड्राइविंग कर अपनी तथा अन्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।