जयपुर:-जयपुर देहात दक्षिण भाजपा द्वारा पदमपुरा में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत प्रशिक्षण शिविर में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सहभागिता कर भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण होने पर सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।
उपमुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से भाजपा की डबल इंजन सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा संगठन की विचारधारा, सेवा, सुशासन और “राष्ट्र प्रथम” के संकल्प को अंतिम पंक्ति में बैठे प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को जागरूक और सक्रिय रहकर कार्य करना होगा। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
दिया कुमारी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को स्वयं भी योजनाओं की पूरी जानकारी होनी चाहिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
कार्यक्रम में जयपुर देहात दक्षिण जिला अध्यक्ष राजेश गुर्जर, चाकसू विधायक रामवतार बैरवा, जिला प्रमुख राम जी चोपड़ा, मंच अध्यक्षता कांता सोनवाल, बस्सी के पूर्व विधायक कन्हैयालाल मीणा, पूर्व जिला अध्यक्ष रामानंद गुर्जर, प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, मंडल अध्यक्ष एवं मंडल महामंत्री उपस्थित रहे।

