सीजफायर लागू होने के बाद भी भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव पूरी तरह थमा नहीं है। शनिवार देर रात तक पाकिस्तान की ओर से राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन हमलों की घटनाएं सामने आईं। जैसलमेर में आधी रात तक कई बार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। हालांकि, भारतीय सेना ने इन हमलों को सफलतापूर्वक नाकाम किया।
रविवार सुबह हालात कुछ सामान्य नजर आए। बॉर्डर से सटे बाड़मेर, श्रीगंगानगर, बीकानेर और जैसलमेर जिलों में शांति बनी रही। इन इलाकों में बाजार खुले और जनजीवन सामान्य दिनों की तरह ही चलता नजर आया।
शनिवार को दोनों देशों के बीच शाम 5 बजे सीजफायर लागू हुआ था, लेकिन इसके कुछ ही घंटों बाद पाकिस्तानी ड्रोन हमले शुरू हो गए थे। भारतीय सेना ने इन सभी प्रयासों का मुंहतोड़ जवाब दिया और सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित की।

