अंता में तेज़ी से आगे बढ़ रहे विकास कार्य:सिंचाई,सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा निवेश

Rajasthan Rajasthan-Others

राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार अंता विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और सिंचाई परियोजनाओं को लेकर बड़े पैमाने पर काम कर रही है। कई प्रमुख परियोजनाओं पर निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है, जिनसे क्षेत्र के किसानों और आम जनता को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

सरकार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, राम जल सेतु लिंक परियोजना (संशोधित पार्वती–कालीसिंध–चंबल योजना) के पहले चरण में रामगढ़ व महल बैराज (बारां), नवनेरा बैराज से बीसलपुर और इसरदा बांध को भरने के लिए 9,416.7 करोड़ रुपये की लागत से तीन पैकेजों पर काम चल रहा है।

इसके साथ ही गणेशगंज नहर तंत्र के माइनर की मरम्मत के लिए 15 करोड़ रुपये की निविदा जारी की गई है। हरसोली और अंता तालाबों की मरम्मत के लिए भी टेंडर जारी हो चुके हैं, जबकि पचेल कला गांव की नाड़ी पर एनीकट के जीर्णोद्धार का काम जल्द शुरू होगा

सिंचाई से जुड़ी योजनाओं में मांगरोल से पार्वती नदी तक बाणगंगा की रिसेक्सनिंग के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। अंता में 862 करोड़ रुपये की लागत से चंबल नदी मुख्य नहर की शेष 56 किलोमीटर लाइनिंग का काम तेजी से चल रहा है। इसके अलावा, 353.37 करोड़ रुपये से चंबल कमांड एरिया में वितरिकाओं और माइनरों के सुधार कार्य भी प्रगति पर हैं।

सरकार ने परवन परियोजना के तहत बारां और झालावाड़ जिलों की 18,000 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई के लिए 1.5 करोड़ रुपये से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का काम भी शुरू कर दिया है।

सिंचाई परियोजनाओं के पूरा होने पर अंता क्षेत्र के किसानों को न केवल बेहतर जल आपूर्ति मिलेगी बल्कि पेयजल की समस्या से भी राहत मिलेगी।

सड़क निर्माण के क्षेत्र में भी कई बड़े कार्य जारी हैं। 174 करोड़ रुपये की लागत से माल–बमोरी–मांगरोल–बारां सड़क का काम लगभग पूरा हो चुका है। इसके साथ ही मऊ से लालकोठी (मध्यप्रदेश सीमा) तक वाया रेनगढ़, रिसिया, जारेला मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है।

स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सरकार ने अंता में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस आयुष्मान मॉडल सीएचसी स्थापित करने की योजना पर काम शुरू किया है। इसके अलावा, बमोरी कला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत किया जा रहा है और आंगनवाड़ी केंद्रों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने पर अंता विधानसभा क्षेत्र में कृषि, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं का नया दौर शुरू होगा।