जोधपुर दौरे पर डीजीपी राजीव कुमार शर्मा,सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय और साइबर क्राइम पर दिए कड़े संदेश

Jodhpur Rajasthan

राजस्थान के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा अपने दो दिवसीय दौरे पर जोधपुर रेंज पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सीमावर्ती जिलों और सीमा पर बीएसएफ अधिकारियों के साथ बैठक की और पश्चिमी क्षेत्र के जिलों की समीक्षा की।

डीजीपी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान सभी सुरक्षा एजेंसियों ने बेहतर समन्वय से काम किया था। इसी तरह आगे भी एजेंसियों के बीच भरोसा और तालमेल बेहद जरूरी है।

उन्होंने राजस्थान में बढ़ते ड्रग्स और साइबर क्राइम पर चिंता जताते हुए कहा कि पुलिस तकनीक का उपयोग कर इन पर प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। डीजीपी ने बताया कि मुख्यालय स्तर पर रणनीति बनाई जा रही है ताकि साइबर अपराध पर रोक लगाई जा सके और शिकायतों का तेजी से समाधान हो।

महिला अपराधों को लेकर डीजीपी ने कहा कि कई बार व्यक्तिगत हित साधने के लिए झूठे मुकदमे दर्ज कराए जाते हैं। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि ये न केवल पुलिस का समय और संसाधन नष्ट करते हैं बल्कि राज्य की छवि को भी नुकसान पहुंचाते हैं।

संगीन अपराधों में फोरेंसिक की जरूरत पर उन्होंने कहा कि जल्द ही हर जिले में एफएसएल वैन उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही भर्ती और कॉन्ट्रैक्ट के जरिए मैनपावर बढ़ाने पर भी काम हो रहा है ताकि अनुसंधान में फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली जा सके।