जयपुर, 13 सितम्बर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके नेताओं ने जिस प्रकार के शब्दों का इस्तेमाल किया वह घोर निंदनीय है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि मेरी जूती भी माफी नहीं मांगेगी। यह बात सुनकर हम सभी को बहुत ही अपमानजनक महसूस हुआ। श्री गोदारा ने कहा कि विधानसभा हम सभी के लिए पवित्र स्थल है, जहां हमे प्रदेश की जनता चुनकर भेजती है। हमारा धर्म है कि हम ऐसे विषय रखें, जिनसे जनता का हित हो।
उन्होंने कहा कि डोटासरा जी का विवादित बयान देने का स्वभाव है। ऐसे व्यक्ति जिन्होंने विधायक के रूप में, शिक्षा मंत्री के रूप में तथा विधानसभा स्पीकर के रूप में अपनी कार्यप्रणाली की राजस्थान में छाप छोड़ी, उनके बारे में गलत टिप्पणी करना शर्मनाक है। ऐसी बाते करना डोटासरा जी का स्वभाव हो सकता है, मगर इस तरह की भाषा से जिस प्रकार उन्हेांने महिलाओं का और स्पीकर की चेयर का अपमान किया, उन्हें माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली एवं गोविंद सिंह डोटासरा विरोधाभाषी बयान दे रहे हैं। कांग्रेस अब पूरी तरह मुद्दाविहीन हो चुकी है, इसलिए इस तरह की बातें उठाकर राजस्थान की जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।

