जयपुर, 4 नवंबर। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने सोमवार को डॉ. राधाकृष्णन शिक्षा संकुल स्थित राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल कार्यालय में नवनिर्मित सभागार और लिफ्ट का लोकार्पण किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस सभागार का नाम ‘माधव सभागार’ रखा गया है, जिसकी क्षमता 40 लोगों की है। 35 लाख रुपये की लागत से बने इस सभागार का निर्माण उस स्थान पर किया गया है, जो पहले कूड़ेदान के रूप में इस्तेमाल होता था।
कार्यक्रम में मंत्री दिलावर ने कहा कि नया सभागार विभागीय बैठकों और कार्यक्रमों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा, वहीं भवन में स्थापित नई लिफ्ट से वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों को सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर सभागार निर्माण में योगदान देने वाले अभियंता सुमित तिवारी, महाराजा सक्सेना, गिरिराज गुप्ता और अक्षिता शर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान शासन सचिव (शिक्षा) कृष्ण कुणाल, विशिष्ट शासन सचिव विश्व मोहन शर्मा, निदेशक माध्यमिक शिक्षा सीता राम जाट, राज्य परियोजना निदेशक डॉ. अनुपमा जोरवाल और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
लोकार्पण के बाद ‘माधव सभागार’ में समग्र शिक्षा 2025-26 की अनुमोदित गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षामंत्री ने स्कूलों में स्वच्छता, अनुशासन और पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि “भ्रष्टाचार और दुर्व्यवहार पर विभाग की नीति जीरो टॉलरेंस की होगी।”
उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में खेल सुविधाएं बढ़ाने और खेल मैदान विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही, विद्यालयों में समान गणवेश, छात्राओं के लिए पृथक शौचालय और सभी के लिए फोटोयुक्त पहचान पत्र सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
दिलावर ने नई पहल के रूप में निर्देश दिया कि प्रदेश के सभी स्कूलों और शिक्षा कार्यालयों में “राष्ट्रगान से दिन की शुरुआत और राष्ट्रगीत से समापन” किया जाए। उन्होंने इस परंपरा की शुरुआत स्वयं बैठक का समापन राष्ट्रगान से करके की।
बैठक में सैनिक और खेल विद्यालयों की प्रगति, पदोन्नति प्रक्रिया, वाहनों की फिटनेस, आवासीय विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था और फर्जी दस्तावेज़ों पर नियुक्त कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई जैसे मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।

