राष्ट्रधर्म को ही कर्मधर्म बनाएं कर्मचारी:ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर,राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ के वार्षिक अधिवेशन में किया आह्वान

Kota Rajasthan

कोटा, 12 अक्टूबर।
कार्मिकों को राष्ट्रधर्म को ही अपना कर्म मानकर काम करना चाहिए। निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी, भ्रष्ट आचरण और अपने कर्तव्य के पालन में उदासीनता को भी राष्ट्र विरोधी कृत्य माना जाना चाहिए। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने यह बात रविवार को श्री रामशांताय सभागार में आयोजित राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ (भारतीय मजदूर संघ) के वार्षिक अधिवेशन को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि कर्मचारी महासंघ कर्मचारियों में राष्ट्रीयता का भाव बढ़ाने वाला संगठन है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार ने पेपर लीक पर लगाम लगाई है। नई भर्तियां खोलकर युवाओं को संबल देने का काम किया है। पूर्व सरकार ने भ्रष्टाचार को ही अपना अंतिम ध्येय मान लिया था। जबकि राजस्थान की भजनलाल सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति से कम कर रही है। प्रदेश में घटिया गुणवत्ता से किए गए काम को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस काम में कर्मचारियों को भी सहयोग करना चाहिए। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन, शिक्षा मंत्री के विशेष अधिकारी सतीश गुप्ता, कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष मेघवान सिंह, पूर्व प्रदेश मंत्री देवलाल गोचर, प्रदेश महामंत्री राकेश शर्मा, संगठन मंत्री विजय धाकड़, संयोजक देवकीनंदन सुमन, जिला प्रभारी बृजेश कांत तिवारी, छोटूलाल शर्मा, सुनीता तिवारी, रविंद्र भाटिया, ओम प्रकाश शर्मा, गुल मोहम्मद समेत कईं लोग मौजूद रहे।