जयपुर: राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार मेला 2025 में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार रोजगार, कौशल और उद्यमिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश में लगभग 92 हजार सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.53 लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही निजी क्षेत्र में भी 2 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है।
कॉमर्स कॉलेज में आयोजित इस रोजगार मेले में मुख्यमंत्री ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे और विभिन्न कंपनियों के स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पांच वर्षों में 4 लाख सरकारी और 6 लाख निजी रोजगार के अवसर सृजित करना है। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार जल्द ही युवा नीति लाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार मेला सरकार की उस सोच को दर्शाता है, जिसमें युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मेले में 20 से अधिक सेक्टर से जुड़े 100 से ज्यादा नियोक्ताओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले आगे भी सभी जिलों में आयोजित किए जाएंगे।
भजनलाल शर्मा ने दावा किया कि मौजूदा सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ, जबकि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान युवाओं को इस समस्या का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से वैश्विक मंच पर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने ‘राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं, जिनमें से 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के समझौतों पर काम शुरू हो चुका है। इससे राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री युवा संबल योजना की भी जानकारी दी और बताया कि अब तक चार लाख से अधिक युवा इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं तथा बेरोजगारी भत्ते के रूप में 1,156 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं।
कार्यक्रम में कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान के युवा मेहनती और अनुशासित हैं, और निजी क्षेत्र में उनके लिए रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, निजी नियोक्ता और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

