ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कोटा में अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश:घटिया निर्माण बर्दाश्त नहीं,दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

Kota Rajasthan

कोटा: राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर आज कोटा दौरे पर रहे और कलेक्ट्री सभागार में जिले के सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी जन समस्याओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई।

मंत्री नागर ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार का घटिया निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन ठेकेदारों ने जर्जर स्कूल भवन या घटिया निर्माण कराया है, उनसे पुनर्निर्माण कराना अनिवार्य होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो फर्म को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा और वसूली कर संपत्ति जब्त करने तक की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि हाड़ौती संभाग में इस बार भारी बारिश से कई स्कूल और आंगनवाड़ी भवनों में पानी रिसने की शिकायतें आई हैं। इन भवनों को आपदा प्रबंधन विभाग की सूची में शामिल कर प्रति भवन दो-दो लाख रुपये की सहायता दी गई है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त राशि विधायक कोष, सांसद कोष या एनजीओ के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सिंचाई और पीएचडी विभागों के बीच समन्वय जरूरी है ताकि एक विभाग का काम दूसरे के कार्य को प्रभावित न करे। गांवों में विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और सरकार का पैसा जनता के हित में सही ढंग से खर्च हो। उन्होंने चेतावनी दी कि इस सरकार में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसी अधिकारी को घटिया काम मंजूर है तो वह अपना ट्रांसफर करवा ले।