मैनचेस्टर टेस्ट:इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ हासिल की मजबूत स्थिति,दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 225/2

Front-Page Sports

मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे टेस्ट मुकाबले में इंग्लैंड ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक मजबूत स्थिति बना ली है। स्टंप्स के समय इंग्लैंड ने दो विकेट के नुकसान पर 225 रन बना लिए हैं। ओली पोप 20 और जो रूट 11 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।

इससे पहले, इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज़ बेन डकेट ने 94 और जैक क्रॉली ने 84 रनों की शानदार पारी खेलते हुए पहले विकेट के लिए 166 रनों की अहम साझेदारी की। भारत को पहली सफलता रवींद्र जडेजा ने दिलाई, जबकि दूसरी विकेट अंशुल कम्बोज के खाते में गई।

दूसरे दिन की शुरुआत भारत ने 264/4 के स्कोर से की और पूरी टीम 358 रन पर ऑलआउट हो गई। विकेटकीपर ऋषभ पंत, जो पहले दिन चोटिल हो गए थे, ने हिम्मत दिखाते हुए बल्लेबाज़ी की और 54 रन की जुझारू पारी खेली। पंत के अलावा साई सुदर्शन ने 61 और यशस्वी जायसवाल ने 58 रन बनाए। शार्दूल ठाकुर ने भी 41 रनों का योगदान दिया।

इंग्लैंड की ओर से कप्तान बेन स्टोक्स ने सबसे शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि जोफ्रा आर्चर को 3 सफलता मिली।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने अब भारत के स्कोर के मुकाबले 133 रन का फासला घटा लिया है और उसके 8 विकेट शेष हैं। मैच अब रोमांचक मोड़ पर पहुंचता नजर आ रहा है।