गाजियाबाद में फर्जी दूतावास का भंडाफोड़,44 लाख नकद और लग्जरी गाड़ियां बरामद

Front-Page National

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक फर्जी दूतावास का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ ने मंगलवार को कविनगर इलाके में छापा मारकर आरोपी हर्षवर्धन जैन को गिरफ्तार किया। वह खुद को कई “काल्पनिक देशों” का राजदूत बताकर लोगों को ठग रहा था।

STF के मुताबिक, हर्षवर्धन KB-35 कविनगर में किराए के मकान में ‘एंबेसी ऑफ वेस्ट आर्कटिक’ के नाम से एक फर्जी दूतावास चला रहा था। वह खुद को वेस्ट आर्कटिक, सबोरगा, पुलावाविया और लोडोनिया जैसे गैर-मौजूद देशों का कॉन्सुल एंबेसडर बताता था। उसके पास से वीआईपी नंबर प्लेट लगी लग्जरी कारें, 34 फर्जी मोहरें, विदेश मंत्रालय की सील लगे जाली दस्तावेज, और 44.70 लाख रुपये नकद जब्त किए गए।

राजनयिक झूठ की चमक-दमक

हर्षवर्धन के पास से STF ने 18 डिप्लोमेटिक नंबर प्लेट, 12 माइक्रोनेशन पासपोर्ट, फर्जी प्रेस कार्ड और पैन कार्ड भी बरामद किए हैं। आरोपी प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति जैसी हस्तियों के साथ मॉर्फ की हुई तस्वीरें दिखाकर लोगों को प्रभावित करता था। वह कंपनियों और निजी लोगों को विदेश में काम दिलाने के नाम पर दलाली करता था और शेल कंपनियों के जरिए हवाला रैकेट भी चलाता था।

अतीत में भी रहा विवादों में

एसटीएफ एसएसपी सुशील घुले ने बताया कि हर्षवर्धन पहले तांत्रिक चंद्रास्वामी और अंतरराष्ट्रीय हथियार डीलर अदनान खगोशी के संपर्क में रह चुका है। 2011 में उसके पास से एक सैटेलाइट फोन भी बरामद हुआ था, जिस मामले में कविनगर थाने में पहले ही एक एफआईआर दर्ज है।

फर्जी दूतावास के बहाने ठगी

घर के बाहर “एंबेसी ऑफ वेस्ट आर्कटिक” का बोर्ड लगा था और उस पर झंडे लगे वाहन खड़े थे। जांच में यह भी सामने आया कि वह कई विदेशी मुद्राएं भी रखता था और खुद को विदेशी राजनयिक बताकर कानूनी छूट का दावा करता था।

क्या होता है दूतावास?

असल में दूतावास किसी एक देश द्वारा दूसरे देश में स्थापित किया गया राजनयिक मिशन होता है, जो वहां पर राजदूत और उनके स्टाफ द्वारा संचालित किया जाता है। यह दो देशों के बीच राजनयिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने का कार्य करता है।

STF की इस कार्रवाई ने फर्जी राजनयिक गतिविधियों और हवाला नेटवर्क के एक बड़े जाल का पर्दाफाश किया है। हर्षवर्धन से पूछताछ जारी है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।