किसान आंदोलन- चौथा दिन, शंभू बॉर्डर पर फिर हंगामा, आंसू गैस के गोले छोड़े

Front-Page

New Delhi :

पंजाब के किसानों के दिल्ली कूच का आज (16 फरवरी) चौथा दिन है। शंभू बॉर्डर पर आज फिर हंगामा हुआ। किसानों ने बैरिकेडिंग की तरफ बढ़ने की कोशिश की तो हरियाणा पुलिस ने उन पर आंसू गैस के गोले बरसा दिए। शरीर पर गोले फटने की वजह से कई किसानों को चोटें आई हैं।

उधर, अंबाला में तैनात GRP के SI हीरालाल की मौत हो गई। इसकी वजह आंसू गैस के गोले से दम घुटना बताई जा रही है। शुक्रवार सुबह शंभू बॉर्डर पर धरने में आए गुरदासपुर के किसान ज्ञान सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।

वहीं संयुक्त किसान मोर्चा और मजदूर संघ ने आज ग्रामीण भारत बंद बुलाया। इसमें गांवों में दुकानें बंद करने और किसानों के खेतों में काम न करने को कहा गया। हरियाणा, पंजाब और हिमाचल में 4 बजे तक बाजार बंद रहे। रोडवेज की बसें नहीं चलीं।

राजस्थान में हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बंद का असर रहा। BKU (चढ़ूनी) के कार्यकर्ताओं ने हरियाणा के कई टोल नाकों को 12 से 3 बजे तक फ्री कराया।

वहीं, गुरुवार 15 फरवरी को चंडीगढ़ में किसान नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के बीच तीसरे दौर की बातचीत ​भी बेनतीजा रही। सूत्रों के अनुसार, सरकार ने एमएसपी पर कानून बनाने के लिए कमेटी बनाने का प्रस्ताव दिया। जिसमें किसान और सरकार दोनों के प्रतिनिधि होंगे।

किसान नेता एमएसपी गारंटी पर अड़े रहे। मीटिंग में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल, नित्यानंद राय के साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी मौजूद रहे।

अब रविवार 18 फरवरी शाम 6 बजे फिर से बैठक होगी। तब तक दोनों पक्षों ने शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया है।