राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने जयपुर के विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करते हुए जनसंवाद को मजबूत करने पर जोर दिया। खातीपुरा मंडल के वार्ड 18 और भवानी निकेतन मंडल के वार्ड 15 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि जनता की भागीदारी से ही विकास कार्यों को गति मिलती है।
उपमुख्यमंत्री ने वार्ड कार्यशाला में कहा कि इस तरह के आयोजनों से आमजन से सीधा संवाद संभव होता है और स्थानीय समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि नई पहल के तहत आठ विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया है, जिससे क्षेत्रवासियों को सीधा लाभ मिलेगा।
दिया कुमारी ने पदाधिकारियों से जिम्मेदारी के प्रति सजग रहने और ईमानदारी से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी लेना महत्वपूर्ण है, लेकिन उसे पूरी निष्ठा से निभाना उससे भी अधिक आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतर चुनौतियों के बीच देशहित में कार्य कर रहे हैं और सभी को उनसे प्रेरणा लेकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी, वार्ड प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

