कोटा: ओम बिरला ने जिले में पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले तीन महीनों में घर-घर सर्वे कर यह सुनिश्चित किया जाए कि हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे।
जिला परिषद सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि पेंशन, खाद्य सुरक्षा और प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं से कोई भी पात्र परिवार वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने आकांक्षी पंचायतों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर उन्हें अग्रणी पंचायतों के स्तर तक लाने पर जोर दिया।
गर्मी को देखते हुए उन्होंने हर गांव में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और समर कंटिंजेंसी प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गेहूं खरीद को लेकर मंडियों में व्यवस्थाएं सुधारने, किसानों की उपज का अधिकतम तौल सुनिश्चित करने और लंबी कतारों से बचने के उपाय करने को कहा।
मानसून की तैयारी पर भी जोर देते हुए ओम बिरला ने जलभराव वाले क्षेत्रों के लिए पहले से योजना बनाने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो।
इससे पहले, अम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर उन्होंने श्रीनाथपुरम में संविधान पार्क का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह पार्क कोटा को नई पहचान देगा और युवाओं के लिए प्रेरणा केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों का प्रतीक है। प्रस्तावित पार्क में आधुनिक तकनीक के माध्यम से संविधान और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े महापुरुषों की जानकारी दी जाएगी, साथ ही भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
ओम बिरला ने कहा कि यह पार्क विद्यार्थियों के लिए एक जीवंत पाठशाला की तरह होगा, जहां वे संविधान की मूल भावना को समझ सकेंगे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इसे कोटा के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

