जोधपुर: लोहावट में महिला की हत्या के मामले को लेकर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रविवार को पुलिस अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। उन्होंने आईजी पुलिस और फलौदी एसपी को मामले की जांच में तेजी लाने और जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा करने के निर्देश दिए।
शेखावत ने कहा कि घटना को लेकर लोहावट और पश्चिमी राजस्थान में लोगों के बीच डर और आक्रोश है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जांच को आगे बढ़ाने के लिए जरूरत के मुताबिक जांच का दायरा बढ़ाया जाए और अतिरिक्त टीमों की मदद ली जाए।
उन्होंने कहा कि मामले में साइबर विशेषज्ञ भी काम कर रहे हैं। अगर तकनीकी जांच में किसी तरह की समस्या आती है तो दिल्ली के साइबर विशेषज्ञों की मदद लेने के निर्देश भी दिए गए हैं। शेखावत ने कहा कि पुलिस जिस तरह से जांच कर रही है, उससे उम्मीद है कि मामले का जल्द निस्तारण होगा।
‘घटना पर राजनीति के बजाय पीड़ित परिवार को न्याय मिले’
केंद्रीय मंत्री ने घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यह मामला पूरे समाज से भावनात्मक रूप से जुड़ा है और ऐसे समय में सभी की जिम्मेदारी है कि मृतका और उसके परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में काम किया जाए।
शेखावत ने कहा कि घटना को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने के बजाय अपराधी की पहचान और उसे सजा दिलाने पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले में अब तक हुई जांच की जानकारी भी ली और प्रतिनिधिमंडल की ओर से उठाई गई आशंकाओं पर चर्चा की।

