जयपुर, 29 दिसंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राज्य सरकार अरावली पर्वतमाला के संरक्षण को लेकर पूर्णतः गंभीर, संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है। पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ राज्य का समग्र और संतुलित विकास सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी दृष्टिकोण के तहत सरकार सतत विकास और प्रकृति संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्चतम न्यायालय द्वारा अरावली से संबंधित पूर्व आदेशों की गहन समीक्षा के लिए एक नई समिति के गठन का निर्णय अत्यंत स्वागत योग्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ने पूर्व में भी अरावली संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाया है। केंद्र सरकार द्वारा अरावली क्षेत्र में लगाए गए खनन पर पूर्ण प्रतिबंध पूर्ववत जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि इस निर्णय से खनन माफियाओं और अवैध खनन के विरुद्ध चल रही मुहिम को और गति मिलेगी। सरकार अरावली को भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने के संकल्प के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रत्येक प्रयास को पूरी दृढ़ता से आगे बढ़ाएगी।

