जयपुर, 14 अक्टूबर। प्रदेश में हो रहे पंचायत राज चुनाव में प्रचार हेतु राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने आज झालावाड़ के भवानीमंडी में जनसभा को सम्बोधित किया, उसके पश्चात जिला बारां में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में अपना संबोधन दिया। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
डोटासरा ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस और भाजपा में वोटों का मामूली अंतर था और सभी बड़े शहरों में भाजपा को मिले मत कांग्रेस से कम रहे, जयपुर में 16,600 से अधिक मत से कांग्रेस पार्टी आगे रही, बीकानेर में 5 प्रतिशत, झालावाड़ में 5 प्रतिशत, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के जिले पाली में कांग्रेस को अधिक मत मिले और भरतपुर में भी भाजपा बहुमत नहीं प्राप्त कर सकी, किन्तु प्रचण्ड जीत बता रहे हैं। वास्तविकता में तो पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग कर बोर्ड बनाने में भले ही सफल हो गए, किन्तु जनता ने भाजपा को आईना दिखा दिया है और अब राजस्थान के पंचायत चुनाव में भाजपा सरकार के कुशासन का जवाब देने का अवसर आया है। राजस्थान में भाजपा सरकार से हर वर्ग परेशान है, किसानों को खाद बीज नहीं मिल रहा है, नकली बीज बांटे गये, जिस मार्के की थैली थी उसे मार्के का अंदर बीज नहीं था, राजस्थान के कृषि मंत्री पूरे राजस्थान में छापे डालकर कह रहे हैं कि नकली खाद और नकली बीज बिक रहा है, लेकिन राजस्थान की जनता कह रही है कि प्रदेश की तो सरकार ही नकली है। देश की सरकार किसानों के विरुद्ध तीन काले कानून ले आई और जब काले कानून के विरुद्ध किसानों ने आंदोलन किया तो उन्हें अपमानजनक उपाधियों से नवाजा गया, आतंकवादी, खालिस्तान जैसे शब्दों का इस्तेमाल उनके लिए किया गया, यह सरकार किसानों की बात ही नहीं सुनना चाहती है, किसी को भी सरकार के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रोटेस्ट नहीं करने देती है, आंदोलन दबाये जाते हैं, देश की पहलवान बेटियां यौन शोषण के विरुद्ध आंदोलन कर रही थी, उनके साथ पुलिस की बर्बरता हुई और अपराधी जो भाजपा नेता है, उसे कोर्ट से छुड़वा लिया गया। दिल्ली में सरकार की वोट चोरी उजागर हो गई है, उसको लेकर एक बड़ा आंदोलन चल रहा है, देश के नौजवानों, महिलाओं, बुजुर्गों और सभी वर्गों के समक्ष भाजपा सरकार की वोट चोरी उजागर हो गई है और देश में अब संविधान बचाने के लिए क्रांति का आगाज हुआ है, जो आम जनता की ताकत से संभव हो सका है। आज प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट पड़ी है, नौजवानों को नौकरियां नहीं मिल रही है, व्यापारी परेशान है, महिला परेशान है, बुजुर्गों को और पात्र लोगों को पेंशन नहीं मिल रही है, विकास ठप्प हो गया है, सडक़े नहीं है, लोगों को पानी नहीं मिल रहा है, समय पर बिजली नहीं मिल रही, इसलिए सभी को एक जुटकर होकर भाजपा सरकार के प्रशासन को जड़ से उखाड़ फेंकने का संकल्प लेना चाहिये और पंचायत राज चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर कांग्रेस के पंचायत समिति और जिला परिषद् सदस्य जितवाकर अपने क्षेत्र के विकास की नई राह खोलने चाहिये।