खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025:तैयारियाँ अंतिम चरण में,24 नवंबर को SMS स्टेडियम में होगा भव्य उद्घाटन

Jaipur Rajasthan Sports

जयपुर में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 की तैयारियाँ तेज़ी से अंतिम चरण में पहुँच गई हैं। सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित समीक्षा बैठक में युवा मामले एवं खेल विभाग के शासन सचिव और राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष डॉ. नीरज के. पवन तथा जयपुर जिला कलेक्टर जितेंद्र कुमार सोनी ने विभिन्न विभागों और पुलिस प्रशासन को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को लंबित कार्यों को समय सीमा में पूरा करने और 22 नवंबर से आने वाली टीमों के स्वागत, परिवहन तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए विशेष दिशा–निर्देश दिए गए। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों के स्वागत के लिए विशेष खेलो इंडिया हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे।

बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और आयोजन से जुड़े अन्य विभागों से फीडबैक लिया गया और आवास, भोजन, ट्रैफिक प्रबंधन और प्रचार–प्रसार से जुड़ी तैयारियों को मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। सुचारू समन्वय के लिए सभी संबंधित समितियों का एक संयुक्त व्हाट्सऐप ग्रुप भी बनाया जाएगा।

744 खिलाड़ी तीरंदाज़ी, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और बास्केटबॉल में दिखाएँगे दम

डॉ. नीरज के. पवन ने बताया कि 24 नवंबर से 5 दिसंबर तक होने वाले इन खेलों का आयोजन राजस्थान के सात संभागों—जयपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा और भरतपुर—में किया जाएगा। इस बार कुल 24 खेल शामिल हैं, जिनमें 23 पदक स्पर्धाएँ और खो-खो को प्रदर्शन खेल के रूप में जोड़ा गया है।

तीरंदाज़ी, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और बास्केटबॉल में कुल 744 पुरुष और महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें सबसे अधिक 200 खिलाड़ी भरतपुर में होने वाले बॉक्सिंग मुकाबलों में हिस्सा लेंगे।

  • तीरंदाज़ी की स्पर्धाएँ 24–28 नवंबर तक जगतपुरा शूटिंग रेंज में होंगी। रिकर्व और कंपाउंड दोनों श्रेणियों में 160-160 खिलाड़ी भाग लेंगे।
  • बैडमिंटन की 192 खिलाड़ियों वाली टीम स्पर्धा SMS स्टेडियम में आयोजित होगी।
  • बास्केटबॉल इवेंट 1–5 दिसंबर तक SMS इंडोर स्टेडियम में होंगे, जिनमें 192 खिलाड़ी शामिल होंगे।
  • बॉक्सिंग मुकाबले भरतपुर में 1–5 दिसंबर के बीच होंगे, जिनमें 104 पुरुष और 96 महिला मुक्केबाज विभिन्न भार वर्गों में रिंग में उतरेंगे।

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का यह संस्करण राजस्थान के लिए एक बड़ा खेल आयोजन माना जा रहा है, जिसमें देशभर के विश्वविद्यालयों की शीर्ष प्रतिभाएँ एक मंच पर अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगी।