जयपुर: राजस्थान की राजनीति में इन दिनों कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सांसद हनुमान बेनीवाल के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। बेनीवाल ने किरोड़ी पर ब्लैकमेलिंग, पेपर लीक में संलिप्तता और करोड़ों के घोटाले के गंभीर आरोप लगाए हैं।
बेनीवाल ने दावा किया कि किरोड़ी लाल मीणा ने 2013 में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से 200 करोड़ रुपये लेकर हेलिकॉप्टर उड़ाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री मीणा लोगों को डराकर उनकी रिकॉर्डिंग करते हैं और ब्लैकमेलिंग के जरिए लाभ उठाते हैं।
एसआई भर्ती घोटाले पर बड़ा बयान
बेनीवाल ने सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 2021 को लेकर कहा कि राज्य सरकार के कुछ मंत्री और अधिकारी भर्ती रद्द नहीं कराना चाहते थे। उनका आरोप है कि “शौकीन मिजाज अधिकारियों ने अपनी महिला मित्रों को बचाने के लिए मुख्यमंत्री को गलत फीडबैक दिया।”
बेनीवाल ने दावा किया कि अगर फर्जी तरीके से चयनित एसआई थानों में नियुक्त हो जाते, तो इससे राजस्थान की कानून-व्यवस्था पर गहरा खतरा मंडरा जाता।
“ब्लैकमेलिंग किरोड़ी का धंधा है”
बेनीवाल ने कहा कि किरोड़ी लाल मीणा विभिन्न घोटालों और विवादित सौदों में लिप्त रहे हैं। उनका आरोप है कि:
- DOIT घोटाले में मीणा ने 5 करोड़ रुपये लिए।
- हवामहल विधानसभा में एक युवक की मौत के मामले में उन्होंने 2 करोड़ रुपये का सौदा किया, जिसमें 50 लाख पीड़ित परिवार को दिए और 1.5 करोड़ खुद रख लिए।
- पेपर लीक गिरोह से भी उनके करीबी संबंध रहे हैं।
बेनीवाल ने कहा, “यह उनका धंधा है। डॉक्टर साहब लोगों को डराकर, रिकॉर्डिंग करके और समझौते करवाकर फायदा उठाते हैं।”
राजनीतिक रिश्तों में कड़वाहट
बेनीवाल ने खुलासा किया कि किरोड़ी लाल मीणा कभी उनके बेहद करीब थे। उन्होंने कहा कि मीणा वसुंधरा राजे से टकराव के दौरान मदद मांगते थे और विधानसभा में भी उनके साथ जाने से डरते थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि मीणा ने पहले वसुंधरा राजे पर गंभीर आरोप लगाए, लेकिन बाद में भाजपा जॉइन कर उनके करीबी बन गए। बेनीवाल ने तंज कसते हुए कहा, “किरोड़ी सिर्फ पॉपुलैरिटी के लिए मुद्दे उठाते हैं और अपनी बात पर टिकते नहीं हैं।”
“किरोड़ी को जवाब देना होगा”
बेनीवाल ने कहा कि उनके पास मीणा के खिलाफ मजबूत सबूत हैं और अगर वह सामने आ गए तो “किरोड़ी लाल मीणा की राजनीति खत्म हो जाएगी।”
उन्होंने चुनौती दी कि मीणा बताएँ कि अशोक गहलोत से मिले 200 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कहां किया गया। बेनीवाल ने कहा कि मीणा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रभाव में हैं और उनका एसआई भर्ती घोटाले से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन वह क्रेडिट लेने की होड़ में आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं।

