गणतंत्र दिवस समारोह में स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने फहराया तिरंगा,सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मलखम ने बांधा समां

Rajasthan Rajasthan-Others

फलौदी,26 जनवरी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के मुख्य आतिथ्य में गणतंत्र दिवस समारोह परमवीर मेजर शैतान सिंह स्टेडियम फलौदी में हर्षोल्लास से मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने प्रातः 9 बजकर 5 मिनिट पर ध्वज फहराते हुए परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में आरएसी/पुलिस दल, आरपीटीसी, एनसीसी,स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल विद्यालय द्वारा मार्च पास्ट एवं बैंड वादन किया गया।

चिकित्सा विभाग,ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग,नगर परिषद,कृषि विभाग,ऊर्जा विभाग,परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग,महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा झाकियों के माध्यम से विभागीय कार्यों व योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। कार्यवाहक अतिरिक्त जिला कलक्टर पूजा चौधरी ने महामहीम राज्यपाल महोदय का संदेश पठन किया।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीरांगनाओं का सम्मान किया गया। समारोह में काफ़ी संख्या में जिलेवासियों ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। साथ ही उत्कृष्ठ कार्य करने वाले कार्मिकों, पत्रकारों तथा समाज सेवियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं द्वारा सामुहिक व्यायाम प्रदर्शन,सामूहिक नृत्य,बैंड धुन प्रदर्शन,लेजियम डांस,मलखम प्रदर्शन, जिम्नास्टिक प्रदर्शन सहित देश भक्ति गीतों पर मन मोहक प्रस्तुतियां दी गई। मलखम प्रदर्शन की भव्य प्रस्तुति से स्टेडियम तालियों से गुंजायमान रहा।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने संबोधित करते हुए 77 वां गणतंत्र दिवस समारोह की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने भारत गणराज्य को मजबूत बनाने में अपना सर्वस्व योगदान देने वाले महान नेताओं, वीर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माताओं को नमन किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विजन और मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के प्रभावी नेतृत्व में राज्य सरकार ने दो वर्ष में शानदार काम करके दिखाया हैं। लक्ष्य अंत्योदय,पंथ अंत्योदय एवं प्रण अंत्योदय के मूलमंत्र के साथ गरीब,युवा,महिला, किसान सहित हर वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित भाव के साथ काम कर रही हैं। युवाओं को रोजगार के अधिकतम अवसर उपलब्ध करवाने के लिए मिशन मोड में भर्तियों के काम को पूरा किया जा रहा हैं। आमजन को बेहतर सर्विस डिलीवरी,योजनाओं को पारदर्शिता के साथ लागू करने के लिए ई गवर्नेंस को बढ़ावा दिया जा रहा हैं।

चिकित्सा मंत्री ने संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार प्रदेशवासियों को उनके घर के नजदीक बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस दिशा में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य केंद्र योजना के तहत उप स्वास्थ्य केंद्र,प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में विकसित किया जा रहा हैं। राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान के गायन के साथ कार्यक्रम का विधिवत तरीके से समापन किया गया।

कार्यक्रम में विधायक पब्बाराम विश्नोई, जिला कलक्टर श्वेता चौहान,पुलिस अधीक्षक कुंदन कवरिया सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें। मंच संचालन विशंभर थानवी, मुनेश ढाका, सई राम कांजू द्वारा किया गया।

जिला कार्यालय पर जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक ने किया ध्वजारोहण

जिला कलक्टर श्वेता चौहान व पुलिस अधीक्षक कुंदन कवरिया ने जिला कार्यालय पर प्रातः 8 बजकर 30 मिनट पर ध्वजारोहण किया। उन्होंने सभी जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की।