चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने आरएमएससीएल के नवनिर्मित भवन का किया लोकार्पण,हरमाड़ा सड़क हादसे पर जताया शोक

Health Jaipur Rajasthan

जयपुर, 3 नवम्बर — राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने सोमवार को स्वास्थ्य भवन परिसर में राजस्थान मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (आरएमएससीएल) के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने पूजा-अर्चना कर पट्टिका का अनावरण किया और कहा कि नए भवन से आरएमएससीएल और राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी के कार्यों में सुगमता आएगी।

खींवसर ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि एक ही परिसर में स्वास्थ्य से जुड़ी प्रमुख संस्थाओं के आने से कार्यकुशलता बढ़ेगी और समय की बचत होगी।

प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) गायत्री राठौड़ ने बताया कि 5,783 वर्गमीटर क्षेत्र में बने इस भवन के निर्माण पर 17.72 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसमें आरएमएससीएल और राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी के कार्यालय संचालित होंगे। आरएमएससीएल के प्रबंध निदेशक पुखराज सेन ने बताया कि भवन में 45 कार और 50 दोपहिया वाहनों की पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

कार्यक्रम में मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. अमित यादव, चिकित्सा शिक्षा आयुक्त इकबाल खान, निदेशक आईईसी शाहीन अली खान और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इस बीच, मंत्री खींवसर ने सीकर रोड के हरमाड़ा क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को बेहतर उपचार की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने हादसे में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

अस्पताल में इस दौरान खाद्य मंत्री सुमित गोदारा, जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, उद्योग राज्यमंत्री के.के. विश्नोई, सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा, संभागीय आयुक्त पूनम, पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल और जिला कलेक्टर जितेन्द्र सोनी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।