देश का मानसून ट्रैकर:दिल्ली-NCR में तेज बारिश,10 फ्लाइट डायवर्ट,रेड अलर्ट जारी;UP विधानसभा परिसर में पानी भरा

Front-Page National

नई दिल्ली:-देश के मध्य, पश्चिमी और दक्षिणी राज्यों में मानसून जमकर सक्रिय है। मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार (31 जुलाई) को 24 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-NCR में शाम को जोरदार बारिश हुई। दिल्ली आने वाली 10 फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

जलभराव से लोग करीब 2 घंटे तक परेशान रहे। दिल्ली के ITO, कनॉट प्लेस, मिंटो रोड और मोती बाग फ्लाईओवर में पानी भर गया। चांदनी चौक इलाके में पानी भरने के चलते लोगों को आने-जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। साउथ एक्सटेंशन इलाके में वाहन रेंगते नजर आए।

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने अधिकारियों को जलभराव के चलते अलर्ट पर रहने और कोचिंग सेंटरों का ध्यान रखने को कहा है। एअर इंडिया, विस्तारा, इंडिगो और स्पाइस जेट ने फ्लाइट डायवर्ट और बोर्डिंग स्टेटस चेक करने के लिए एडवाइजरी जारी की है।

उधर, यूपी में कई जिलों में आज भारी बारिश हुई। लखनऊ में विधानसभा भवन की छत से पानी टपकने लगा। विधानसभा परिसर में भी पानी भर गया। इस वजह से सीएम योगी आदित्यनाथ को दूसरे रास्ते से निकलना पड़ा।

इधर, झारखंड में बिजली गिरने से मंगलवार को 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री के 38 दिन में ही सीजन की आधी यानी 50% बारिश हो गई है। प्रदेश में एक और स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो रहा है, जिसके असर से बुधवार से एक बार फिर झमाझम बारिश हो सकती है।

दूसरी तरफ राजस्थान और बिहार में मानसून धीमा पड़ा। राजस्थान के जैसलमेर और गंगानगर में टेम्परेचर 40 डिग्री चला गया। मानसून की ट्रफ लाइन बिहार से बाहर है, जिसके चलते बारिश नहीं हो रही है। कई जिलों में गर्मी और उमस बढ़ गई है। गोपालगंज में तापमान 40 डिग्री दर्ज हुआ।